Homeखटाखट स्टोरीदेश : केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, टेलीग्राम पर लगाई अस्थायी रोक

देश : केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, टेलीग्राम पर लगाई अस्थायी रोक

आपणी हथाई न्यूज, नीट यूजी 2026 की दोबारा परीक्षा को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा और सख्त फैसला लिया है। परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने और किसी भी तरह की अनियमितता पर रोक लगाने के उद्देश्य से सरकार ने देशभर में टेलीग्राम प्लेटफॉर्म की सेवाओं पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। यह रोक 22 जून 2026 तक प्रभावी रहेगी, जबकि दोबारा परीक्षा 21 जून को आयोजित की जानी है।

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के अनुसार इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 की धारा 69A के तहत यह निर्देश जारी किया है। आदेश के मुताबिक भारत में टेलीग्राम प्लेटफॉर्म की पहुंच सीमित समय के लिए बंद की गई है ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गलत गतिविधि, पेपर लीक या अफवाहों को फैलने से रोका जा सके।

एनटीए ने यह भी स्पष्ट किया कि यह प्रतिबंध परीक्षा के दिन और उसके बाद के संवेदनशील समय को ध्यान में रखते हुए लगाया गया है। एजेंसी का कहना है कि हाल के वर्षों में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का उपयोग परीक्षा से जुड़ी भ्रामक सामग्री और कथित लीक को वायरल करने के लिए किया जाता रहा है, जिससे परीक्षाओं की विश्वसनीयता प्रभावित होती है।

इसके अलावा सरकार ने टेलीग्राम के “मैसेज एडिटिंग” फीचर पर भी विशेष रोक लगाने का निर्देश दिया है। यह सुविधा 30 जून 2026 तक बंद रहेगी। अधिकारियों के मुताबिक कुछ मामलों में पुराने संदेशों को बाद में संपादित कर पेपर लीक के फर्जी सबूत तैयार किए जाते रहे हैं। इसी संभावना को खत्म करने के लिए यह कदम उठाया गया है।

सरकार के इस फैसले को लेकर देशभर में चर्चा तेज हो गई है। एक ओर जहां इसे परीक्षा व्यवस्था को सुरक्षित बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है, वहीं दूसरी ओर डिजिटल स्वतंत्रता और सोशल मीडिया उपयोग को लेकर भी बहस शुरू हो गई है।



ताजा खबर