


आपणी हथाई बीकानेर न्यूज, शहर के जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में दबंगई और रोड रेज का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक कार को टक्कर मारने के बाद स्कॉर्पियो सवार युवकों ने न केवल विवाद किया, बल्कि पीड़ित युवक के साथ बीच सड़क पर बेरहमी से मारपीट भी की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में तीन आरोपियों को राउंडअप कर लिया है।
क्या है पूरा घटनाक्रम?
मिली जानकारी के अनुसार, कोहरियों का मोहल्ला निवासी युवराज सिंह सतावत ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। परिवादी ने बताया कि 5 अप्रैल की रात करीब 10:30 बजे वह अपनी कार से जीवन रक्षा अस्पताल की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक काले रंग की स्कॉर्पियो ने पीछे से उसकी गाड़ी को टक्कर मार दी। शुरुआत में स्कॉर्पियो चालक ने माफी मांग ली थी, लेकिन कुछ ही दूरी पर मेडिकल चौराहे के पास आरोपियों ने दोबारा गाड़ी रुकवाई और युवराज व उसके साथियों को नीचे उतारकर हमला कर दिया।
वीडियो वायरल होते ही एक्शन में पुलिस
आरोपियों ने युवराज के साथ लात-घूंसों से जमकर मारपीट की और उसे सड़क पर पटक दिया। इस दौरान वहां मौजूद भीड़ ने घटना का वीडियो बना लिया। भीड़ बढ़ता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। सोशल मीडिया पर मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक (SP) ने मामले का संज्ञान लिया। एएसआई भादर राम गोदारा और कांस्टेबल हरफूल राम की टीम ने सक्रियता दिखाते हुए मूर्ति सर्किल से रोहित पुनिया, आकाश मेघवाल और मंथन टाक को दबोच लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल वाहन को भी जब्त कर लिया है और आरोपियों को कल न्यायालय में पेश किया जाएगा।


