
आपणी हथाई न्यूज, नगर निकाय चुनावों में भाजपा ने 29 में से 25 महानगरपालिकाओं में जीत हासिल की है और बीएमसी में वह पहली बार महापौर बनाने जा रही है। मुंबई में ठाकरे बंधुओं का साथ आना भी गठबंधन को बहुमत दिलाने में नाकाम रहा। नतीजे बताते हैं कि शहरी महाराष्ट्र में भाजपा का प्रभाव विधानसभा चुनाव के बाद और मजबूत हुआ है।
मुंबई में शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे व उनके चचेरे भाई राज ठाकरे के साथ आने का भी दोनों को कोई लाभ नहीं मिल पाया। यहां 227 सदस्यीय सदन में भाजपा नीत महायुति ने बहुमत के लिए जरूरी 114 सीटों का आंकड़ा पार कर 118 सीटें जीत लीं। भाजपा बीएमसी में 89 सीटें हासिल कर सबसे बड़ी पार्टी बनी है। सहयोगी शिवसेना को 29 मिलीं। कांग्रेस को 24 सीटों पर जीत हासिल हुई। उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी), राज ठाकरे की मनसे व एनसीपी (शरद पवार) गठबंधन ने 72 सीटें जीतीं। इसमें शिवसेना-यूबीटी ने 65, मनसे ने 6 व एनसीपी-शरद ने एक सीट जीती। एनसीपी-अजीत को तीन व असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एमआईएमआईएम ने आठ सीटें जीतीं, जो मनसे से ज्यादा हैं। सपा को दो सीटें मिली हैं।
हिंदुत्व में भरोसा, विकास का एजेंडा लेकर आगे बढ़ेंगे : फडणवीस
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, हमने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। यह भाजपा के विकास के एजेंडे की जीत है। हम व्यापक हिंदुत्व में विश्वास करते हैं। हम शहरों को बदलेंगे और आम लोगों के जीवन में बदलाव लाएंगे। फडणवीस ने शिवसेना संस्थापक दिवंगत बालासाहेब ठाकरे को भी याद किया।
मोदी ने जताया आभार
धन्यवाद महाराष्ट्र, राज्य के जोशीले लोगों ने एनडीए के जनकल्याण और सुशासन के एजेंडे को अपना आशीर्वाद दिया है। नतीजे दिखाते हैं कि एनडीए का महाराष्ट्र के लोगों के साथ रिश्ता और मजबूत हुआ है। -नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री


