


Rajasthan आपणी हथाई न्यूज, बुधवार तड़के राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया जिसमें 8 लोगों की मौत और 21 लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार ऋषिकेश से इंदौर जा रही तीर्थयात्रियों से भरी एक टूरिस्ट स्लीपर बस की एक ट्रक (खाली ट्रॉली) से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में देखते ही देखते आग लग गई। हादसे में बस में सवार आठ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कम से कम 21 लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, बस में करीब 37 श्रद्धालु सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और आपदा राहत दल मौके पर पहुंच गए। बचाव अभियान के दौरान शुरुआती चरण में छह शवों को जिला अस्पताल भेजा गया। दौसा के पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित स्वयं घटनास्थल पर मौजूद रहे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी करते रहे।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार यह हादसा सुबह करीब 3:30 बजे हुआ। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि मुंबई की ओर जाने वाले मार्ग पर एक खाली ट्रॉली खड़ी थी। इसी दौरान ओवरटेक करने के प्रयास में बस और ट्रॉली के बीच टक्कर हो गई। पुलिस का कहना है कि हादसे के सभी संभावित कारणों की गहन जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में यह आशंका भी जताई जा रही है कि बस चालक को झपकी आने के कारण दुर्घटना हुई हो सकती है। वहीं, कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि बस की डिक्की में सिगरेट के बॉक्स रखे हुए थे, जिससे आग तेजी से फैल गई। हालांकि पुलिस ने इस दावे की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और इस पहलू की भी जांच जारी है।
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त बस हंस ट्रेवल्स की थी। हादसे के बाद बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में लगभग तीन घंटे का समय लगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने की सटीक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।


