

आपणी हथाई राजस्थान न्यूज , प्रदेश में चल रहे नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए जैसलमेर जिले की पुलिस ने 3 करोड़ 35 लाख के एमडी नशे के साथ दो लोगों को पकड़ने की कार्रवाई को अंजाम दिया है।
अब तक मिली जानकारी के अनुसार जैसलमेर जिले की कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की है। शुक्रवार को पुलिस को खबर मिली थी कि दो लोग स्कॉर्पियो गाड़ी में ड्रग्स लेकर जैसलमेर रेलवे स्टेशन के पास से गुजर रहे हैं । इस पर कोतवाली थानाधिकारी प्रेमदान ने तुरंत एक टीम बनाकर छापेमारी की।
इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोका और कार में सवार प्रकाश बिश्नोई और प्रेम प्रकाश बिश्नोई की तलाशी ली तो उनके पास 336.4 ग्राम एमडीएम ड्रग्स बरामद हुई। एमडीएम ड्रग्स को छोटे-छोटे पैकेटों में बनाकर यह लोग बेचने की तैयारी में थे ,लेकिन उससे पहले पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने आरोपियों के पास से गुजरात नंबर की एक स्कॉर्पियो कार को भी जब्त कर लिया है।
शुरुआती पूछताछ में पता चला है पकड़े गए दो आरोपियों मेें से एक आरोपी प्रकाश बिश्नोई के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि इनके पीछे के ड्रग्स नेटवर्क का और सरगनाओ का पता लगाया जा सके।


