आपणी हथाई न्यूज, साइबर अपराधों पर शिकंजा कसते हुए ने ‘ऑपरेशन साइबर वज्र प्रहार 2.0’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने दो दिवसीय कार्रवाई में कुल 64 लोगों को हिरासत में लिया है। यह ऑपरेशन जयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक एचजी राघवेंद्र सुहास के निर्देशन में चलाया गया।
महानिरीक्षक पुलिस (IGP) एच.जी.आर. सुहास के सीधे मार्गदर्शन में, रेंज के सभी 8 जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SPs) ने विशेष टीमें गठित कीं। इन टीमों ने पुलिस मुख्यालय और रेंज की साइबर अपराध शाखा से प्राप्त संदिग्ध डाटा का उपयोग करते हुए, अपराधियों की धरपकड़ सुनिश्चित की। आईजी सुहास ने बताया कि यह ऑपरेशन साइबर अपराधियों के नेटवर्क पर एक निर्णायक प्रहार साबित हुआ है। इस अभियान के दौरान साइबर अपराध से संबंधित 20 एफआईआर दर्ज की गईं और 198 संदिग्ध व्यक्तियों से गहन पूछताछ की गई।
क्या हुई है अब तक कार्रवाई !
ऑपरेशन की सबसे बड़ी सफलता जयपुर ग्रामीण और अलवर जिलों में दर्ज की गई। इसके अलावा जयपुर ग्रामीण में 17 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया, और एक कार, 27 मोबाइल फोन तथा 17 एटीएम कार्ड जब्त किए गए। अलवर में सर्वाधिक 07 मुकदमे दर्ज किए गए और 18 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यहाँ ₹24,800 नकद राशि और एक स्विफ्ट कार जब्त की। खैरथल-तिजारा में 05 मुकदमे दर्ज हुए और 10 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। अन्य जिलों जैसे भिवाड़ी (05 गिरफ्तार), झुंझुनू (07 गिरफ्तार), सीकर (03 गिरफ्तार), दौसा (02 गिरफ्तार) और कोटपूतली-बहरोड़ (02 गिरफ्तार) में भी महत्वपूर्ण गिरफ्तारियाँ की गईं।
पुलिस का यह अभियान राज्य में बढ़ते साइबर अपराध पर अंकुश लगाने और आम जनता को सुरक्षित डिजिटल माहौल प्रदान करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाईयाँ भविष्य में भी जारी रहेंगी।


