Homeखटाखट स्टोरीRAS 2026 EXAM : 607 पदों पर निकली वैकेंसी, पिछले 10 वर्षों...

RAS 2026 EXAM : 607 पदों पर निकली वैकेंसी, पिछले 10 वर्षों में सबसे कम पदों पर भर्ती

आपणी हथाई न्यूज, राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने बहुप्रतीक्षित राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा-2026 (RAS) का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस बार कुल 607 पदों पर भर्ती निकाली गई है, जिसमें राज्य सेवाओं के 192 पद और अधीनस्थ सेवाओं के 415 पद शामिल हैं। अभ्यर्थी 4 जून 2026 से लेकर 3 जुलाई 2026 की रात 12 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आयोग के अनुसार प्रारंभिक परीक्षा वस्तुनिष्ठ (Objective) और मुख्य परीक्षा वर्णनात्मक (Descriptive) स्वरूप में आयोजित की जाएगी, जबकि अंतिम चयन इंटरव्यू के आधार पर होगा।

इस भर्ती की सबसे बड़ी चर्चा पदों की संख्या को लेकर हो रही है। पिछले 10 वर्षों में यह RAS भर्ती सबसे कम पदों वाली भर्ती मानी जा रही है। इससे पहले RAS 2021 और RAS 2023 में हजारों पदों पर भर्ती निकाली गई थी, जबकि इस बार केवल 607 पद घोषित किए गए हैं। ऐसे में प्रतियोगिता और अधिक कड़ी होने की संभावना जताई जा रही है।

राज्य सेवाओं में राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) के 57 पद, राजस्थान लेखा सेवा के 36 पद और राजस्थान पुलिस सेवा (RPS) के 26 पद प्रमुख रूप से शामिल हैं। इसके अलावा उद्योग सेवा, परिवहन सेवा, पर्यटन सेवा, राज्य बीमा सेवा, सहकारी सेवा और ग्रामीण विकास सेवा सहित कई विभागों में भी रिक्तियां निकाली गई हैं। वहीं कुछ सेवाओं जैसे वाणिज्यिक कर सेवा और आबकारी प्रिवेंटिव फोर्स में इस बार कोई पद नहीं रखा गया है।

अधीनस्थ सेवाओं में सबसे ज्यादा 148 पद राजस्थान तहसीलदार सेवा के लिए घोषित किए गए हैं। इसके अलावा सहकारिता अधीनस्थ सेवा में 113 पद, श्रम कल्याण अधीनस्थ सेवा में 35 पद और नियोजन अधीनस्थ सेवा में 20 पद शामिल हैं। खाद्य एवं नागरिक रसद, आबकारी, महिला एवं बाल विकास तथा देवस्थान विभागों में भी विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी।

आवेदन के लिए अभ्यर्थी के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक (Graduation) की डिग्री होना अनिवार्य है। सामान्य अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है। चूंकि पिछली भर्ती 2024 में आई थी, इसलिए आयोग ने सभी अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में 1 वर्ष की अतिरिक्त छूट देने का फैसला किया है। वहीं आरक्षित वर्गों और महिलाओं को नियमानुसार 5 से 10 वर्ष तक की अतिरिक्त आयु छूट मिलेगी।

चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी। सबसे पहले प्रारंभिक परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें सफल अभ्यर्थियों में से लगभग 15 गुना उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए चुना जाएगा। मुख्य परीक्षा में निर्धारित न्यूनतम अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। अंतिम मेरिट मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू के अंकों के आधार पर तैयार होगी।

परीक्षा शुल्क की बात करें तो सामान्य वर्ग और क्रीमीलेयर OBC/MBC वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 600 रुपये रखा गया है। वहीं नॉन-क्रीमीलेयर OBC/MBC, EWS, SC/ST तथा दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 400 रुपये निर्धारित किया गया है।

RAS भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन जारी होने के बाद प्रदेशभर के लाखों युवाओं में उत्साह देखने को मिल रहा है, हालांकि कम पदों की संख्या ने प्रतियोगिता को और चुनौतीपूर्ण बना दिया है। अब अभ्यर्थियों की नजर परीक्षा तिथि और विस्तृत सिलेबस पर टिकी हुई है।

 



ताजा खबर