आपणी हथाई न्यूज, भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने सोमवार रात अपने इंस्टाग्राम अकाउंट में बड़ा बदलाव करते हुए कई पुराने पोस्ट और रील्स डिलीट कर दिए। सोशल मीडिया पर फैंस ने नोटिस किया कि अर्शदीप ने अपनी प्रोफाइल फोटो भी बदल दी है और अकाउंट से बड़ी संख्या में कंटेंट हटाया गया है। बताया जा रहा है कि उनके अकाउंट पर अब सिर्फ कुछ दर्जन पोस्ट ही दिखाई दे रहे हैं।
हटाई गई रील्स में वह चर्चित वीडियो भी शामिल था, जिसमें अर्शदीप स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के साथ मजाकिया अंदाज में बातचीत करते नजर आए थे। इस वीडियो को सोशल मीडिया पर करोड़ों बार देखा गया था और फैंस के बीच यह काफी वायरल हुआ था। वीडियो में दोनों खिलाड़ियों के बीच हल्की-फुल्की नोकझोंक देखने को मिली थी, जिसे क्रिकेट प्रेमियों ने खूब पसंद किया था।
आईपीएल 2026 में अर्शदीप सिंह का प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। उन्होंने 14 मुकाबलों में 14 विकेट हासिल किए, लेकिन उनकी इकॉनमी 10 रन प्रति ओवर से अधिक रही। वहीं उनकी टीम पंजाब किंग्स भी इस बार प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही। ऐसे में सोशल मीडिया पर उनके अचानक अकाउंट क्लीनअप को लेकर अलग-अलग चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
फैंस का दावा है कि अर्शदीप ने अपने इंस्टाग्राम बायो से पंजाब का जिक्र भी हटा दिया है। हालांकि उन्होंने ऐसा क्यों किया, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। माना जा रहा है कि हाल ही में बीसीसीआई द्वारा खिलाड़ियों की सोशल मीडिया गतिविधियों और टीम से जुड़े कंटेंट को लेकर जारी सख्त गाइडलाइंस के बाद यह कदम उठाया गया हो सकता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक बीसीसीआई ने टीम बस, ड्रेसिंग रूम और मैदान से जुड़े वीडियो और तस्वीरें केवल फ्रेंचाइजी के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से साझा करने पर जोर दिया है। इसी बीच टीम सूत्रों ने भी संकेत दिए थे कि खिलाड़ियों को नई गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।


