Homeखटाखट स्टोरीवायरलनामा : सोशल मीडिया ग्रुप्स में अश्लील टिप्पणी, प्लेयर्स से मारपीट, शिक्षिका...

वायरलनामा : सोशल मीडिया ग्रुप्स में अश्लील टिप्पणी, प्लेयर्स से मारपीट, शिक्षिका और अफसरों से अभद्रता के आरोप, PTI सस्पेंड

वायरलनामा आपणी हथाई न्यूज, जोधपुर में खिलाड़ियों से मारपीट, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल और कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार के आरोपों के बाद शिक्षा विभाग ने वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक अमय चोटिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। गोशाला मैदान स्थित राजकीय विद्यालय में कार्यरत चोटिया को संयुक्त निदेशक (स्कूल शिक्षा) जोधपुर संभाग हिममत सिंह तंवर ने 28 अक्टूबर को निलंबित कर दिया। उनके विरुद्ध विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय, माध्यमिक शिक्षा जैसलमेर निर्धारित किया गया है।Cont..

विभागीय आदेश के अनुसार, 23 अक्टूबर को चोटिया ने विभागीय सोशल मीडिया समूह में गणवेश को लेकर कथित तौर पर अमर्यादित टिप्पणी की थी। इस दौरान उन्होंने गोशाला मैदान को शिक्षा विभाग का बताते हुए प्रशासन के खिलाफ भी अनुचित भाषा का प्रयोग किया। समूह में शामिल कर्मचारियों की भावनाएं आहत होने की बात भी आदेश में दर्ज की गई है। इसके अलावा रात 10:44 बजे समूह में अश्लील और असंसदीय टिप्पणियां लिखने का आरोप भी लगाया गया है।Cont..

चोटिया पर खिलाड़ियों के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार के भी कई आरोप हैं। आदेश में 1 अक्टूबर को खिलाड़ी जयप्रकाश की शिकायत का उल्लेख है, जिसमें चोटिया पर मारपीट, जातिसूचक शब्द कहने, गालियां देने, थप्पड़ मारने और बाल पकड़कर खींचने का आरोप लगाया गया। वहीं, 3 अक्टूबर को खिलाड़ी खेमराज ने भी मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। खेमराज के अनुसार, चोटिया ने बिना गलती के उनके साथ मारपीट की और समस्या का समाधान करने से इनकार कर दिया।Cont..

इसके अतिरिक्त, राजकीय मॉडल विद्यालय में चयन साक्षात्कार के दौरान चोटिया पर अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर और गिरफ्तारी की जानकारी छिपाने का आरोप भी है। आदेश में करौली के कैलादेवी थाने में 13 अगस्त 2016 को एफआईआर दर्ज होने और गिरफ्तारी का उल्लेख किया गया है। महिला अधिकारी की ओर से 20 मार्च और 6 जून 2025 को अभद्र व्यवहार की शिकायतें, बायोमेट्रिक उपस्थिति में देरी, जल्दी जाने तथा बिना कार्यमुक्त हुए दूसरे स्थान पर पहुंचने के संबंध में जारी कारण बताओ नोटिस का भी जिक्र है। 27 अक्टूबर को निरीक्षण के दौरान सदस्य सचिव से अभद्र भाषा में बात करने का आरोप भी लगाया गया है। इन सभी मामलों को आधार बनाकर विभाग ने निलंबन की कार्रवाई की है। समाप्त



ताजा खबर