विश्व एड्स दिवस आपणी हथाई न्यूज, हर साल 1 दिसंबर को विश्व भर में एड्स दिवस मनाया जाता है। यह केवल एक दिन नहीं, बल्कि उन लाखों जिंदगियों को समर्पित है, जिन्हें एचआईवी या एड्स ने छुआ है। दुनियाभर में हर साल एचआईवी और एड्स के लाखों नए मामले सामने आते हैं। आंकड़ों से पता चलता है कि साल 2024 के आखिर तक दुनियाभर में लगभग 40.8 मिलियन (4 करोड़ से अधिक) लोग एचआईवी के साथ जी रहे थे। इस साल 13 लाख नए मामले भी सामने आए जबकि 6.30 लाख लोगों की इस संक्रमण से मौत भी हो गई। World Aids Day
राजस्थान में इस जिलें में पांव पसार रहा एड्स
भरतपुर जिले में एड्स के मरीजों की बढ़ती संख्या ने स्वास्थ्य विभाग और आम लोगों को चौंका दिया है। सबसे खतरनाक तथ्य यह है कि इस जानलेवा बीमारी की चपेट में सबसे ज्यादा युवा आ रहे हैं। खास बात यह है कि 30 वर्ष तक की उम्र में ही 1191 मरीज सामने आना इस बात का संकेत है कि स्थिति कहीं अधिक गंभीर है, जितना सोचा जा रहा है।वर्ष 2013 के फरवरी माह में शुरू हुए आरबीएम अस्पताल के एआरटी सेंटर में अक्टूबर 2025 तक कुल 3334 पंजीकृत एड्स रोगी हैं। इनमें 1803 पुरुष, 1344 महिलाएं और 4 ट्रांसजेंडर शामिल हैं।
चिंताजनक बात यह है कि 15 वर्ष तक के 179 बच्चे भी संक्रमित हैं। इनमें 114 लड़के और 65 लड़कियां शामिल हैं, लेकिन सबसे बड़ा झटका 30 साल तक के मरीजों की संख्या से लगता है। इस आयु वर्ग में 1191 संक्रमित मरीज हैं, जिनमें 601 पुरुष, 589 महिलाएं और 1 ट्रांसजेंडर शामिल है। वहीं 30 साल से अधिक उम्र के 2143 मरीज दर्ज हैं। कुल मिलाकर आंकड़े साफ दिखाते हैं कि युवाओं में संक्रमण की रफ्तार सबसे ज्यादा है।


