


Weather Update: भारत के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं देखने को मिल सकती हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अगले 48 घंटों में और मजबूत होकर ओडिशा और पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ेगा। इसके प्रभाव से देश के पूर्वी, मध्य, दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में 30 जुलाई तक मूसलाधार बारिश की संभावना है।
पूर्वी और मध्य भारत में अगले सात दिनों तक हल्की से मध्यम बरसता होगी। तूफान और बिजली के साथ तेज हवाएं चलने के आसार हैं। दक्षिण भारत में तटीय कर्नाटक, केरल, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में 29 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। साथ ही 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। पश्चिम और उत्तर-पश्चिम भारत में भी मॉनसून सक्रिय रहेगा। कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और गुजरात में 30 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।
मध्य महाराष्ट्र में आज अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 27 और 28 जुलाई को बहुत भारी बारिश का अनुमान है। उत्तर-पूर्वी भारत में अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ तूफान और बिजली की संभावना है, जिसमें अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम और त्रिपुरा में 26 जुलाई को बहुत भारी बारिश हो सकती है।
पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और मैदानी इलाकों में भी अगले सात दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और तूफान की स्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग ने राजस्थान में इस सप्ताहांत से फिर भारी बारिश का दौर शुरू होने का अनुमान व्यक्त किया है। बंगाल की खाड़ी में एक नया कम दबाव का क्षेत्र बनने से पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में 26 जुलाई से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने का अनुमान है। 26 से 30 जुलाई के दौरान भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
27-28 जुलाई के दौरान दक्षिण-पूर्वी व दक्षिणी भागों में कहीं-कहीं भारी व अतिभारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे तक के 24 घंटों में राजस्थान में कई जगह बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश अटरू में 89.0 मिलीमीटर दर्ज की गई। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव वाले क्षेत्र के प्रभाव से ओडिशा के 12 जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है।
आईएमडी के भुवनेश्वर केंद्र ने एक्स पर बताया, ‘उष्णकटिबंधीय चक्रवात विफा फिर उभर आया है। इसके प्रभाव के कारण गुरुवार सुबह साढ़े 5 बजे उत्तर बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव वाला क्षेत्र बना है।’ विभाग ने कहा कि निम्न दबाव वाला यह क्षेत्र अगले 24 घंटे में और मजबूत होगा। अगले 48 घंटे में पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए उत्तर ओडिशा और उससे सटे पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्रों की ओर बढ़ेगा।
इसके प्रभाव से ओडिशा के कई जिलों में 28 जुलाई तक भारी बारिश होने की संभावना है। विभाग ने भारी बारिश का अनुमान जताते हुए मयूरभंज, क्योंझर, मलकानगिरी और कोरापुट जिलों के लिए बृहस्पतिवार को ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है। सुंदरगढ़, देवगढ़, बालासोर, भद्रक, केंद्रपाड़ा, जाजपुर, ढेंकानाल और अंगुल जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां गरज के साथ तेज हवाएं चलने और भारी बारिश की संभावना है। Weather Update


