Homeराजस्थानRajasthan : मार्बल सिटी में 'मौत की फैक्ट्री' का पर्दाफाश: टायर पंचर...

Rajasthan : मार्बल सिटी में ‘मौत की फैक्ट्री’ का पर्दाफाश: टायर पंचर की दुकान में बन रहे थे अवैध हथियार

basic ad

आपणी हथाई न्यूज,मार्बल सिटी किशनगढ़ के बांदरसिंदरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसी साजिश को नाकाम किया है, जो किसी के भी होश उड़ा दे। यहाँ कांकनियावास गांव में एक टायर पंचर की दुकान की आड़ में ‘मौत का कारखाना’ चलाया जा रहा था। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर इस अवैध हथियार फैक्ट्री पर छापा मारकर भारी मात्रा में बने और अधबने हथियार सहित निर्माण सामग्री बरामद की है।

छापेमारी में दंग रह गई पुलिस

सीओ सिटी आईपीएस अजेय सिंह राठौड़ के नेतृत्व में जब पुलिस टीम ने दुकान पर धावा बोला, तो वहां का दृश्य चौंकाने वाला था। जिसे बाहर से केवल एक मामूली टायर रिपेयरिंग की दुकान समझा जा रहा था, उसके भीतर हथियारों के निर्माण की पूरी यूनिट लगी हुई थी। पुलिस ने मौके से पांच अवैध हथियार जब्त किए हैं, जिनमें एक नई टोपीदार बंदूक, एक पुरानी बंदूक और तीन देसी कट्टे शामिल हैं। इसके अलावा हथियार बनाने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली ग्राइंडर, ड्रिल और वेल्डिंग मशीन सहित कारतूस बनाने का भारी सामान (टूलकिट) और शीशे के छर्रे भी बरामद किए गए हैं।

कुख्यात BRC गैंग से जुड़े हैं तार

मामले में गिरफ्तार 28 वर्षीय आरोपी मोहम्मद रोशन को लेकर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि रोशन के तार कुख्यात बीआरसी (BRC) गैंग से जुड़े हुए हैं। अपराध की गंभीरता और गैंग की संलिप्तता को देखते हुए पुलिस ने इस मामले में नए आपराधिक कानूनों के तहत ‘संगठित अपराध’ की धाराएं भी जोड़ी हैं।

सप्लाई चेन की तलाश जारी

आईपीएस अजेय सिंह राठौड़ ने बताया कि पुलिस अब इस नेटवर्क की गहराई तक जाने में जुटी है। मुख्य रूप से यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी हथियार बनाने का कच्चा माल कहाँ से मंगवाता था और तैयार हथियार किन-किन अपराधियों या गैंग्स को सप्लाई किए जाते थे। इस मामले में आने वाले दिनों में कई और बड़ी गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।



ताजा खबर