Rajasthan News: राजस्थान सरकार ने राज्य के लाखों विद्यार्थियों की मौज कर दी है। राजस्थान यूनिफॉर्म और स्कूल बैग डीबीटी योजना के तहत कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों और कक्षा 9 से 12 तक की छात्राओं को 800 रूपये की राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी। इस राशि से वे स्कूल यूनिफॉर्म और बैग खरीद सकेंगे।
कुल 70 लाख पात्र विद्यार्थियों में से 14 लाख विद्यार्थियों के खाते में यह राशि नहीं पहुंच पाई थी। वित्तीय सहायता के लिए विद्यार्थी का बैंक खाता जनाधार से लिंक और अधिप्रमाणित होना जरूरी है। हालांकि, बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के खाते अब तक अधिप्रमाणित नहीं हो पाए हैं।
इसी तकनीकी खामी के चलते 14 लाख विद्यार्थी योजना का लाभ लेने से वंचित रह गए। इस देरी पर अब शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। राज्य के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और पदेन जिला परियोजना समन्वयकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे शेष विद्यार्थियों का जनाधार शाला दर्पण पोर्टल पर शीघ्र अधिप्रमाणित कराएं।
स्कूल स्तर पर निगरानी रखकर प्रक्रिया में तेजी लाएं। यदि किसी अधिकारी ने इस कार्य में लापरवाही बरती, तो अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। राज्य सरकार ने यह भी कहा है कि शिक्षा अधिकारी अपने अधीनस्थों से समन्वय कर जनाधार विहीन विद्यार्थियों को जल्द से जल्द प्रमाणित कराने का अभियान चलाएं।
विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को इसके लिए जागरूक किया जाए, ताकि कोई भी बच्चा योजना से वंचित न रहे। शासन की मंशा है कि कोई भी विद्यार्थी हीन भावना का शिकार न हो, और सभी को शिक्षा के लिए आवश्यक संसाधन समान रूप से प्राप्त हों। इसलिए शत-प्रतिशत पात्र विद्यार्थियों को डीबीटी के ज़रिए राशि पहुंचाने के लिए अफसरों पर अब सीधी निगरानी रखी जाएगी।

