Bikaner आपणी हथाई न्यूज, बज्जू थाना क्षेत्र स्थित कालीनाडी धाम मंदिर में दर्शन करने पहुंचे एक परिवार की बोलेरो जीप चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना बुधवार 16 सितंबर की सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। लूणकरणसर के महाजन थाना क्षेत्र के शेरपुरा निवासी फुलाराम नायक अपने परिवार के साथ चारणवाला स्थित नखत बन्ना धाम में दर्शन करने के बाद कालीनाडी धाम पहुंचे थे। उन्होंने अपनी बोलेरो जीप मंदिर के पास सड़क किनारे अन्य वाहनों के साथ खड़ी की और परिवार सहित मंदिर में दर्शन करने चले गए।
बताया गया है कि करीब आधे घंटे बाद जब फुलाराम और उनके परिजन मंदिर से बाहर लौटे तो मौके पर उनकी बोलेरो जीप नहीं मिली। इसके बाद आसपास के क्षेत्र में काफी तलाश की गई और स्थानीय लोगों से भी गाड़ी के बारे में जानकारी ली गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद फुलाराम ने बज्जू पुलिस को घटना की सूचना देते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई।
थानाधिकारी चंद्रजीतसिंह भाटी के अनुसार चोरी हुई बोलेरो महिंद्रा कंपनी की सफेद रंग की सात सीटर गाड़ी है। वाहन का नंबर RJ 29 UA 2199 है और यह वर्ष 2010 मॉडल की है। पुलिस के अनुसार वाहन का चेसिस नंबर A5A61858 तथा इंजन नंबर GF94M20215 है। फुलाराम ने पुलिस को बताया कि वह चिनाई मिस्त्री का काम करते हैं। वह मंगलवार शाम अपने परिवार के साथ नखत बन्ना धाम पहुंचे थे और रात वहीं रुकने के बाद बुधवार सुबह दर्शन कर कालीनाडी धाम पहुंचे थे।
फुलाराम की रिपोर्ट पर बज्जू पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच एएसआई हरसुखराम को सौंपी है। पुलिस अब मंदिर और आसपास के क्षेत्र में लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सहित अन्य सुरागों के आधार पर चोरी हुई बोलेरो और आरोपी की तलाश में जुटी है।


