

Bikaner Crime आपणी हथाई न्यूज, शहर के पॉश माने जाने वाले जयनारायण व्यास कॉलोनी (जेएनवीसी) क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया है। घर के सामने स्थित पार्क से टहलकर लौट रही एक बुजुर्ग महिला के कान से बाइक सवार युवक सोने की बाली झपटकर फरार हो गया।

जेएनवीसी थाना पुलिस को दी रिपोर्ट में जयनारायण व्यास कॉलोनी निवासी रमेश चन्द्र रतन ने बताया कि 14 नवंबर की सुबह करीब 11 बजे (10:58 बजे) वह अपनी पत्नी को घर के सामने वाले पार्क में घुमाकर वापस ला रहे थे। उनकी पत्नी के पैर की सर्जरी हो रखी है, जिसके चलते वे धीरे-धीरे घर की ओर बढ़ रहे थे।

परिवादी के अनुसार, इसी दौरान पार्क में मौजूद दो युवकों ने पेड़ों की छंटाई करने के बहाने उनसे बातचीत शुरू की। जैसे ही दंपत्ति पार्क से बाहर निकलकर घर की तरफ मुड़े, उनमें से एक युवक—जिसने नारंगी-पीले रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी—बाइक पर पीछे से आया और झपट्टा मारकर महिला के कान से सोने की बाली तोड़ ली। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से रफूचक्कर हो गया।
घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिवार ने जेएनवीसी पुलिस को मामले की सूचना दी। आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी पुलिस को सौंपी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और प्रकरण की जांच हेड कांस्टेबल रविंद्र सिंह को सौंपी गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस अब शातिर लुटेरे की तलाश में जुट गई है।



