

Bikaner संभाग आपणी हथाई न्यूज, अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर 50 जीबी गांव के पास हुए विस्फोट के मामले में राजस्थान एटीएस और पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पाकिस्तान के एजेंट के संपर्क में रहकर रेलवे ट्रैक पर धमाका करने की साजिश रचने के आरोप में पुलिस ने पंजाब के गुरुदासपुर से एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पंजाब की काउंटर इंटेलिजेंस की मदद से हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो हथियार, 46 कारतूस और ब्लास्ट के लिए दिए गए 30 हजार रुपये भी बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 21 वर्षीय महकदीप कौर निवासी दोस्तपुर और 23 वर्षीय देवेंद्र सिंह निवासी चौड़ा कलां, गुरुदासपुर के रूप में हुई है। एटीएस के एडीजी दिनेश एमएन के अनुसार, महकदीप कौर लंबे समय से सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान के एजेंटों के संपर्क में थी। वह शाह नाम के एक एजेंट से जुड़ी हुई थी। आरोप है कि इसी एजेंट ने रेलवे ट्रैक पर विस्फोट करने के लिए दोनों को 30 हजार रुपये उपलब्ध करवाए थे। इसके बाद महकदीप ने देवेंद्र सिंह के साथ मिलकर राजस्थान में इस साजिश को अंजाम दिया।

जांच में सामने आया है कि आरोपियों को राजस्थान भेजते समय आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) नहीं दिया गया था। राजस्थान पहुंचने के बाद उन्हें एक निर्धारित स्थान से आईईडी का पैकेट उपलब्ध करवाया गया। इसके बाद उन्होंने रेलवे ट्रैक पर विस्फोटक लगाया। पुलिस को आशंका है कि इस साजिश का निशाना रेलवे लाइन से गुजरने वाली ट्रेन हो सकती थी। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क और इसके पीछे जुड़े अन्य लोगों की पड़ताल कर रही है।
तीन बार पहुंचे श्रीगंगानगर, दो बार नाकाम रही साजिश
पूछताछ में आरोपियों की गतिविधियों को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट करने के लिए तीन बार श्रीगंगानगर पहुंचे थे। पहली बार 6 अक्टूबर को उन्होंने अलग-अलग स्थानों की रेकी की, लेकिन वारदात को अंजाम नहीं दे सके। इसके बाद 12 और 13 अक्टूबर को दोबारा यहां पहुंचे और रेलवे ट्रैक पर विस्फोटक लगाया, लेकिन उसमें धमाका नहीं हुआ।
दो बार नाकाम रहने के बाद आरोपी 3 नवंबर को फिर श्रीगंगानगर पहुंचे। इस बार 50 जीबी गांव के पास रेलवे ट्रैक पर विस्फोट कर दिया। धमाके के बाद घटनास्थल पर करीब 2 से 3 फीट गहरा गड्ढा हो गया था। साथ ही दो रेलवे स्लीपर क्षतिग्रस्त हुए और आसपास के कई स्लीपर के लॉक टूट गए थे।
केंद्रीय एजेंसी के इनपुट पर पंजाब में दबिश
एटीएस के एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि केंद्रीय एजेंसी से मिले इनपुट के बाद राजस्थान एटीएस और पुलिस की टीमें पंजाब पहुंचीं। पंजाब काउंटर इंटेलिजेंस के सहयोग से दोनों आरोपियों की पहचान और लोकेशन ट्रेस की गई। गुरुदासपुर में लोकेशन मिलने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में श्रीगंगानगर से आईपीएस नितिन चौधरी, एटीएस के एएसपी मनीष शर्मा और सुरेंद्र सिंह की टीमें शामिल रहीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बीकानेर रेंज के आईजी ओमप्रकाश और एसपी हरिशंकर भी आरोपियों से पूछताछ कर रहे हैं। आईपीएस अधिकारी नितिन चौधरी पूरे मामले की जांच की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच भी शुरू कर दी है। शुरुआती पड़ताल में पाकिस्तानी एजेंटों से संपर्क और पैसों के लेन-देन से जुड़े अहम सुराग मिलने की बात सामने आई है। मामले में कुछ अन्य लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
धमाके के बाद रोकनी पड़ी थी ट्रेनों की आवाजाही
3 नवंबर की रात करीब पौने 10 बजे रामसिंहपुर के पास 50 जीबी गांव के नजदीक रेलवे ट्रैक पर जोरदार विस्फोट हुआ था। धमाके से पटरियों के बीच गहरा गड्ढा बन गया और रेलवे ट्रैक के स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए। घटना से कुछ समय पहले ही इस ट्रैक से एक यात्री ट्रेन गुजर चुकी थी। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रेलवे अधिकारियों को सूचना दी।
घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने एहतियातन इस मार्ग पर ट्रेनों का संचालन रोक दिया था। इसके चलते कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, मरम्मत कार्य और आवश्यक सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद 5 नवंबर को इस मार्ग पर रेल सेवाएं बहाल कर दी गई थीं। रेलवे प्रशासन की शिकायत पर रामसिंहपुर पुलिस थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
आज दोपहर 12 बजे पुलिस लाइन में होगी प्रेस कॉन्फ्रेंस
इस पूरे मामले में पुलिस की विस्तृत प्रेस कॉन्फ्रेंस रविवार, 15 नवंबर को दोपहर 12 बजे श्रीगंगानगर पुलिस लाइन में आयोजित होगी। इससे पहले शनिवार-रविवार की मध्यरात्रि 12 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस प्रस्तावित थी, लेकिन अपरिहार्य कारणों से इसे स्थगित कर दिया गया था। अब पुलिस अधिकारियों की ओर से रेलवे ट्रैक ब्लास्ट, पाकिस्तान के एजेंट से संपर्क और इस साजिश से जुड़े नेटवर्क को लेकर और भी महत्वपूर्ण खुलासे किए जाने की संभावना है।



