Homeखटाखट स्टोरीBollywood Breaking : फ़िल्म अभिनेता अमिताभ के घर फायरिंग की साजिश नाकाम,...

Bollywood Breaking : फ़िल्म अभिनेता अमिताभ के घर फायरिंग की साजिश नाकाम, मुम्बई पुलिस ने दो शूटर्स को किया गिरफ्तार

Bollywood Breaking आपणी हथाई न्यूज, बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के घर के बाहर फायरिंग करने की कथित साजिश का दिल्ली पुलिस ने खुलासा किया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मुंबई पुलिस की मदद से इस मामले में दो शूटरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के जालंधर निवासी विकास ठाकुर और तरनतारन निवासी दीपक सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों विदेश में बैठे एक गैंगस्टर के लिए काम करते थे और उन्हें अमिताभ बच्चन के घर के बाहर गोलीबारी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गैंगस्टर 1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर अमिताभ बच्चन के कथित बयान से नाराज था और इसी वजह से उन्हें निशाना बनाना चाहता था। हालांकि, अमिताभ बच्चन ने ऐसा कोई बयान देने से इनकार किया है। गौरतलब है कि 23 अक्टूबर को धमकी मिलने के बाद अमिताभ बच्चन को बुलेटप्रूफ केबिन में देखा गया था। इसके बाद से ही उनकी सुरक्षा को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं।

पुलिस के मुताबिक, विकास ठाकुर दिल्ली के एक कारोबारी से रंगदारी वसूलने के लिए फायरिंग करने आया था। वहीं, दीपक सिंह को अमिताभ बच्चन के घर के बाहर गोली चलाने की जिम्मेदारी दी गई थी। दीपक को मुंबई में कुछ समय तक रुकने के लिए कहा गया था, ताकि वह मौके की रेकी कर वारदात को अंजाम दे सके।

दीपक सिंह का नाम इससे पहले भी एक गंभीर आपराधिक मामले में सामने आ चुका है। वह 3 अक्टूबर को अमृतसर में इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या के मामले में वांटेड था। इस हत्याकांड में उसके साथ शामिल पलविंदर सिंह उर्फ काका को पंजाब पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

दिल्ली पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों की भूमिका और उनके संपर्कों को लेकर कई जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विदेश में बैठे गैंगस्टर के निर्देश पर इस साजिश में और कौन-कौन शामिल था तथा अमिताभ बच्चन के घर को निशाना बनाने की योजना को किस तरह अंजाम दिया जाना था।

 

 



ताजा खबर