

आपणी हथाई न्यूज,बीकानेर के नापासर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले हिमतासर गांव की रोही में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक कूलर फैक्ट्री के पीछे सुनसान इलाके में कुछ महिला-पुरुषों को संदिग्ध अवस्था में देखा गया। अनैतिक गतिविधियों की गुप्त सूचना और संदेह के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से पांच महिलाओं और तीन पुरुषों सहित कुल आठ लोगों को हिरासत में लिया है।
थानाधिकारी सुषमा शेखावत ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी, तभी हिमतासर मार्ग पर कूलर फैक्ट्री के पीछे कुछ संदिग्ध हलचल महसूस हुई। जब पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, तो वहां एकांत स्थान पर महिला-पुरुषों का एक समूह संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी आरोपियों को मौके से पकड़कर नापासर थाने पहुंचाया। पुलिस प्रशासन द्वारा इन सभी व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 170 के तहत कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है। इस कार्रवाई के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस अब इस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


